301 निशानों के साथ निकली भव्य शोभा यात्रा, शिल्पांचल में उमड़ा बाबा श्याम का जनसैलाब
कुल्टी । बराकर से नियामतपुर तक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्याम परिवार बराकर की ओर से आयोजित 301 निशान शोभा यात्रा ने पूरे शिल्पांचल क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग दिया। जय श्री श्याम के उद्घोष, भजनों की मधुर धुन और अबीर-गुलाल की होली के बीच श्रद्धालु झूमते-गाते यात्रा में शामिल हुए।
शोभा यात्रा हनुमान मंदिर बराकर स्टेशन में विधिवत पूजा-अर्चना से शुरू हुई और नियामतपुर स्थित श्री श्याम एंड दादी मंदिर नियामतपुर पहुंची, जहां भक्तों ने 301 निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, धमाल चंग की ताल और जयकारों के साथ नाचते-गाते नजर आए।
इस अवसर पर शंकर नियोगी, अजय राजगढ़िया, सुभाष शर्मा, कालू चौधरी, कमल शर्मा उर्फ लाली, पप्पू सरैया, पप्पू शर्मा, सौरभ चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने एक बार फिर शिल्पांचल में श्रद्धा, भक्ति और एकता का संदेश दिया।












