चंद्रडांगा में संतोषी माता पूजा के दौरान विधायक पर फूलों की वर्षा, विधायक बोले – “यह जनता का प्यार है”
पांडवेश्वर । पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चंद्रडांगा ग्राम में शुक्रवार को संतोषी माता की पूजा एवं नारायण सेवा कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती शामिल हुए।
पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। इसी दौरान गांव में राजनीतिक माहौल भी चर्चा का विषय बना रहा, क्योंकि हाल ही में दो प्रमुख दलों के जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी के जनसंपर्क के दौरान कई घरों के दरवाजे बंद मिले थे। वहीं विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के गांव पहुंचने पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। सैकड़ों ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए और फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। जिला तृणमूल अध्यक्ष सह विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा, “यह लोगों का प्यार है। मैं हमेशा जनता के बीच रहा हूं। लोगों ने मुझे बुलाया, इसलिए आया। पूजा की और सभी की समस्याएं सुनीं।”
विधायक ने गांव में सड़क, पेयजल, जलनिकासी व्यवस्था और विभिन्न सामाजिक योजनाओं को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से बातचीत की। कई लोगों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं भी उनके सामने रखीं। विधायक ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ जनसंपर्क की इस सक्रियता ने चंद्रडांगा में राजनीतिक चर्चाओं को भी नई दिशा दे दी है।












