इंडिया अवेक ने उठाई शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: फिरोज खान एफके ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
आसनसोल । आसनसोल के बीएनआर इलाके में स्थित कॉफी हाउस में आज इंडिया अवेक के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय समाजसेवी फिरोज खान एफके ने एक संवाददाता सम्मेलन किया। उन्होंने देश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई और शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।
फिरोज खान एफके ने कहा कि निजी शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से पेशेवर हो चुकी है, जहां पैसों के अलावा कुछ नहीं देखा जाता। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों में पढ़ाई-लिखाई के अलावा बाकी सब कुछ हो रहा है, लेकिन बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा से वंचित किया जा रहा है।
वहीं, स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए फिरोज खान एफके ने कहा कि निजी अस्पताल या नर्सिंग होम में जाकर इलाज करना बेहद मुश्किलों भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में भी शिक्षा और इलाज की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता।
फिरोज खान एफके ने कहा कि इंडिया अवेक की तरफ से हर एक मुद्दे पर आवाज उठाई जाएगी, जो समाज से जुड़ा हुआ हो और लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वह जमीन पर उतर कर काम करेंगे और जहां पर भी अन्याय दिखेगा, वहां पर इंडिया अवेक के सदस्य अपनी आवाज उठाएंगे।
फिरोज खान एफके ने कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गृहमंत्री, बंगाल की मुख्यमंत्री और सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के साथ मुलाकात करेंगे और उनके सामने इन मुद्दों को उठाएंगे।












