भाजपा का परिवर्तन का नारा: कृष्णा प्रसाद ने उठाई राज्य सरकार के खिलाफ आवाज
आसनसोल । आसनसोल में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘परिवर्तन बाइक रैली’ के तहत सैकड़ों बाइक सवार कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। यह रैली बर्नपुर के बारी मैदान से शुरू होकर एसबी गोराई रोड और जीटी रोड होते हुए ऊषाग्राम दुर्गा मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे और बैनर के साथ नारेबाजी की, जिससे पूरे इलाके का माहौल राजनीतिक रंग में रंग गया। भाजपा नेता एवं समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने कहा कि यह आयोजन पूरे पश्चिम बंगाल में कथित भ्रष्टाचार, दुर्नीति, अत्याचार और बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में किया गया है।
कृष्णा प्रसाद ने आरोप लगाया कि राज्य में आम लोगों की आवाज दबाई जा रही है और प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। उन्होंने कहा, “परिवर्तन की यह बाइक रैली सिर्फ एक शुरुआत है। आने वाले दिनों में जनता का आक्रोश और तेज होगा।” उन्होंने आगे कहा, “हम राज्य सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे और जब तक परिवर्तन नहीं होता, तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे।” वहीं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तृणमूल के पाप अब चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले डेढ़ महीने में पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा और सुशासन स्थापित होगा।












