गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव में विवाद गहराया: गुरुचरण सिंह भरारा ने लगाए गंभीर आरोप
आसनसोल । आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आगामी 6 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। अध्यक्ष प्रत्याशी गुरुचरण सिंह भरारा ने पत्रकार सम्मेलन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है और मतदाता सूची में भारी त्रुटियां हैं।
भरारा ने बताया कि 26 फरवरी को चुनाव की घोषणा की गई और महज 10 दिनों के भीतर 6 मार्च को मतदान की तिथि तय कर दी गई, जो कि अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां हैं, जिससे वर्तमान कमेटी को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
भरारा के अनुसार, धादका क्षेत्र से आए कुछ मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने की मांग की गई थी, लेकिन इस पर कमेटी के चेयरमैन अनिल सिंह गंभीर ने न केवल नाराजगी जताई बल्कि दूसरे पक्ष को सूचना दी और उन लोगों ने आकर यहां अभद्र व्यवहार भी किया।
भरारा ने स्पष्ट कहा कि यदि वर्तमान मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराया जाता है तो वह इस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनेंगे। उनका कहना है कि उन्हें हार-जीत से कोई मतलब नहीं है, लेकिन चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी होना चाहिए। उन्हें गोली और गुंडो के दम पर प्रधान नहीं बनना है।
इस मामले में जिला प्रशासन और पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत दी गई है। साथ ही अनिल सिंह गंभीर और अमरजीत सिंह भरारा को स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिकायत भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और 6 मार्च को प्रस्तावित चुनाव किस परिस्थितियों में संपन्न होता है।












