जामुड़िया । पश्चिम बर्दवान के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेत्री प्रियंका टिबरेवाल के खिलाफ जगह-जगह ‘गो बैक’ के पोस्टर लगाए गए हैं। प्रियंका टिबरेवाल ने इसे तृणमूल कांग्रेस की चाल बताई है और कहा है कि वे जामुड़िया में तृणमूल विधायक की नाकामियों का सच जनता के सामने ला रही हैं।
उन्होंने कहा, “जामुड़िया में बीते पांच सालों में तृणमूल विधायक ने विकास का कोई काम नहीं किया है और वे यहां आकर लगातार उनकी नाकामियों और अवैध धंधों का सच जनता के सामने ला रही हैं।”वहीं विधायक हरेराम सिंह ने कहा, “इसे तृणमूल कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। प्रियंका टिबरेवाल कोलकाता की रहने वाली है और जामुरिया से उनको बीजेपी का टिकट न मिल जाए, जिसके कारण जामुड़िया के बीजेपी नेता इस प्रकार के खेल कर रहे हैं।” इस घटना ने जामुड़िया के सियासी माहौल को गरमा दिया है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। प्रियंका टिबरेवाल के समर्थकों का कहना है कि वे जामुड़िया के विकास के लिए काम कर रही हैं और तृणमूल कांग्रेस के नेता उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गए हैं।