सिदुली सीएम पैच बंद कर ग्रामीणों का प्रदर्शन, धूल-मिट्टी और ब्लास्टिंग से नाराजगी
अंडाल । केन्दा एरिया के सिदुली सीएमएटी पैच को स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार को बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार मिट्टी डंप करने और ब्लास्टिंग के कारण आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी उमा शंकर पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को सिदुली नंबर-5 बालू बैंकर के पास ब्लास्टिंग होने से जमीन में दरार पड़ गई। उसी स्थान के पास सीएमएटी पैच में लगातार मिट्टी भी गिराई जा रही है। उनका आरोप है कि ईसीएल अधिकारियों ने पहले आश्वासन दिया था कि यहां केवल दो लेयर तक ही मिट्टी डंप की जाएगी, लेकिन नियम के विपरीत सात लेयर तक मिट्टी डाली जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इसके कारण इलाके में भारी मात्रा में धूल-मिट्टी उड़ रही है, जिसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईसीएल के पास मिट्टी डंप करने के लिए कई अन्य स्थान उपलब्ध हैं, इसलिए आबादी वाले इलाके में मिट्टी फेंकना बंद किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक ईसीएल प्रबंधन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देगा, तब तक सिदुली सीएमएटी पैच को बंद रखकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।












