अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि, महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
आसनसोल । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस की महिला संगठन ने आसनसोल के बीएनआर इलाके में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर महिला कांग्रेस की तमाम नेत्री और कार्यकर्ता उपस्थित थीं और उन्होंने स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी। आसनसोल सबडिवीजन महिला कांग्रेस की श्रीमती लता बैनर्जी ने कहा कि 1975 के 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत हुई थी, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं किसी से कम नहीं हैं और जीवन के हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि आज भी महिला सुरक्षित नहीं है और रोजाना बलात्कार व अत्याचार की घटनाएं होती हैं। इसलिए महिला सशक्तिकरण के लिए इन घटनाओं पर रोक लगाना बहुत जरूरी है, तभी महिलाएं सही मायने में सशक्त हो पाएंगी।












