Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

दुर्गापुर में भीषण सड़क हादसा: पुलिस की कार ने फल की दुकान में मारी टक्कर, एक की मौत, बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा

Oplus_0

दुर्गापुर । दुर्गापुर के विधान नगर बस स्टैंड इलाके में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज गति से आ रही पुलिस की एक कार सड़क किनारे एक फल की दुकान में जा घुसी, जिसमें एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान विधान नगर के स्वप्ना मार्केट निवासी गोपाल प्रसाद बर्नवाल के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार हार्डको मोड़ से स्टील मार्केट की ओर जा रही थी, तभी चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार सीधे फल की दुकान में जा घुसी।

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, और लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चला रहे पूर्व सीआरपीएफ अधिकारी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (ट्रैफिक-3) राजकुमार मालाकार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस हादसे में घायल बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उसका इलाज कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषी को सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *