इंडिया अवेक ने पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट से नाम हटाने और “अंडर एडजूडिगेशन” के मुद्दे पर चुनाव आयोग को पत्र भेजा
आसनसोल । इंडिया अवेक इनिशिएटिव के तहत फिरोज खान (एफके) ने इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया और ऑफिस ऑफ द चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर, पश्चिम बंगाल को एक पत्र भेजकर पश्चिम बंगाल में चल रहे एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के दौरान लोगों को हो रही परेशानियों पर तुरंत ध्यान देने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट में “अंडर एडजूडिगेशन” में डाल दिए गए हैं और कई लोगों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि उन्होंने सभी जरूरी कागज़ात जमा किए हैं और सुनवाई में भी शामिल हुए हैं। इसके कारण आम लोगों में डर और चिंता का माहौल है।
इंडिया अवेक ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव की घोषणा होने से पहले ऐसे सभी मामलों की जांच कर उन्हें जल्दी से जल्दी साफ किया जाए और अंतिम वोटर लिस्ट (फाइनल इलेक्टोरल रोल) चुनाव की घोषणा से पहले जारी की जाए, जो पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और स्पष्ट हो।
इस पत्र में यह भी कहा गया है कि ऐसा न हो कि किसी वास्तविक और योग्य मतदाता को उसका संवैधानिक अधिकार, जो आर्टिकल 326 ऑफ द कंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया के तहत वोट देने का अधिकार देता है, उससे वंचित होना पड़े।
इंडिया अवेक का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए जरूरी है कि हर योग्य नागरिक को वोट देने का पूरा अधिकार और मौका मिले।
फिरोज खान (एफके) ने कहा कि इंडिया अवेक आम आदमी की परेशानियों और उनके अधिकारों के लिए लगातार आवाज़ उठाता रहेगा और उन्हें उनका हक और इंसाफ दिलाने के लिए प्रयास करता रहेगा।













