Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बर्नपुर में सेल आईएसपी कारखाने में ठेका कर्मी की मौत, हड़कंप

बर्नपुर ।  सेल आईएसपी (इस्को) कारखाने में मंगलवार को एक ठेका कर्मी की मौत हो गई, जिससे हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सीतारामपुर निवासी राजेंद्र साव (42) के रूप में हुई है, जो मुखर्जी कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

सुबह कारखाने के भीतर राजेंद्र साव को अचेत अवस्था में पाया गया था। उन्हें तुरंत कारखाने के ओएचएस में ले जाया गया, जहां से उन्हें बर्नपुर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के नाक और मुंह से रक्तस्राव हो रहा था, जिससे उनकी मौत के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस घटना की खबर मिलते ही विभिन्न श्रमिक यूनियनों के नेता मौके पर पहुंचे और मृतक के परिवार के लिए मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। इस्को कर्मचारी संघ (बीएमएस) के नेता श्रीकांत शाह ने बताया कि सुबह उन्हें कारखाने में अचेत अवस्था में पाया गया था।

प्रबंधन ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को संविदा आधारित नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया है। वहीं बर्नपुर कंस्ट्रक्शन एसोसिएशन ने अंतिम संस्कार के लिए 37 हजार रुपया की सहायता राशि प्रदान की है। राजेंद्र साव के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जो अब उनके बिना जीवन व्यतीत करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है और अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना के बाद कारखाने में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं और श्रमिक यूनियनों ने जांच की मांग की है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *