जामुड़िया में तनावपूर्ण स्थिति: खुली खदान में विरोध प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस कार्यालय पर हमला
Oplus_0
जामुड़िया । जामुड़िया थाना अंतर्गत चुरुलिया इलाके में स्थित एक खुली खदान (ओसीपी) में विरोध प्रदर्शन को लेकर गुरुवार को स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते विरोध की यह आग चुरुलिया मोड़ स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय तक पहुँच गई, जहाँ उग्र भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया।
प्राप्त विवरण के अनुसार, खुली खदान में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच स्थानीय फकीर पाड़ा के कुछ उपद्रवियों ने पहले चुरुलिया माइंस को जबरन बंद करा दिया। इसके बाद उत्तेजित भीड़ चुरुलिया हाटतला पहुँची और वहाँ स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने न केवल कार्यालय को क्षति पहुँचाई, बल्कि वहाँ लगे पार्टी के झंडे भी उखाड़ फेंके।
इस घटना ने इलाके में तनाव की स्थिति को और बढ़ा दिया है, और प्रशासन को हालात को नियंत्रित करने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी पड़ सकती है।
इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के आंचलिक कमेटी उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने कहा कि उपद्रवियों ने ऑफिस में तोड़फोड़ और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। पार्टी ऑफिस में अचानक तोड़फोड़ और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही चुरुलिया आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि सुरक्षा बलों को स्थिति नियंत्रित करने में मुश्किल हुई।
उग्र प्रदर्शनकारियों ने पार्टी कार्यालय पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे कई तृणमूल कार्यकर्ता घायल हो गए।
कार्यालय के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें और चार पहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
खदान के साइट इंचार्ज विकास दत्त पर भी भीड़ ने हमला किया, उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और उन्हें मारपीट का सामना करना पड़ा। घायलों में टीएमसी के क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।













