पांडवेश्वर विधानसभा में क्वार्टर खाली करने के नोटिस को लेकर बवाल, भाजपा और टीएमसी में आरोप-प्रत्यारोप
पांडवेश्वर । पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के खोट्टाडीह इलाके में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा लगाए गए क्वार्टर खाली करने के नोटिस को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी ने चुनाव प्रचार के दौरान मौके पर पहुंचकर नोटिस देखकर नाराजगी जताई और इसे टीएमसी नेता नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के इशारे पर की गई कार्रवाई बताया।
जितेंद्र तिवारी का आरोप
जितेंद्र तिवारी ने कोलियरी एजेंट को फोन कर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि यह कार्रवाई टीएमसी नेता के इशारे पर हो रही है। उन्होंने मौके पर नोटिस फाड़ते हुए लोगों से कहा कि वे घर खाली न करें और किसी भी दबाव में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचेंगे और भाजपा सरकार बनने पर लोगों को क्वार्टर का लीज दिया जाएगा।
नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती का पलटवार
वहीं, टीएमसी प्रत्याशी और विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा का “नाटक” बताया। उन्होंने कहा कि ईसीएल एक केंद्रीय कंपनी है और टीएमसी पहले ही ऐसे नोटिसों का विरोध कर चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बंगाल में किसी को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।












