‘आसनसोल रेलपार पुलिस फाड़ी हमला: 21 आरोपी गिरफ्तार, बाहरी लोगों की भूमिका की भी जांच’
आसनसोल । आसनसोल के रेलपार इलाके में पुलिस फाड़ी पर हमले और उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को गिरफ्तार सभी आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।
कहां-कहां के हैं आरोपी:
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सिर्फ रेलपार के निवासी ही नहीं, बल्कि पुराना स्टेशन और रंगनियां पाड़ा क्षेत्र के कुछ लोग भी शामिल हैं। इससे जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस घटना में बाहरी लोगों की भी भूमिका हो सकती है।
क्या हुआ था:
गौरतलब है कि शुक्रवार रात जहांगीर मोहल्ला स्थित फैज-ए-आमबाग पुलिस फाड़ी में माइक नियम को लेकर विवाद के बाद भारी बवाल हुआ था। उग्र भीड़ ने पुलिस फाड़ी पर हमला कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा था।
जांच जारी:
घटना के बाद आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सीटीवी फुटेज और वीडियो क्लिप के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। लगातार छापेमारी कर कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 21 को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।














