सालानपुर ब्लॉक में नवनिर्वाचित विधायक अरिजीत राय का स्वागत, विकास कार्यों पर हुई अहम बैठक’
सालानपुर, सोमवार, 18 मई 2026। सालानपुर ब्लॉक कार्यालय में सोमवार को नवनिर्वाचित बाराबनी विधायक अरिजीत राय का ब्लॉक प्रशासन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बीडीओ देवांजन विश्वास ने फूलों का गुच्छा देकर विधायक का अभिनंदन किया।
विकास और जनसमस्याओं पर चर्चा:
स्वागत के बाद ब्लॉक की विभिन्न जनसमस्याओं और विकासमूलक कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य रूप से पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क और जल निकासी व्यवस्था की कई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी से निपटने, अस्पतालों में सेवाओं में सुधार और लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों के जल्द मरम्मत पर विधायक ने विशेष जोर दिया।
अरिजीत राय ने प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचाया जाए और विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बरसात से पहले जलजमाव की समस्या से बचने के लिए जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए भी तेजी से कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि इस बैठक के बाद सालानपुर ब्लॉक में कई विकास परियोजनाओं के काम में और तेजी आएगी।














