आसनसोल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से 15 लाख रुपये बरामद
आसनसोल । आसनसोल उत्तर थाना के कल्ला मोड़ इलाके में बुधवार को पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। पुलिस ने संदेह के आधार पर रानीगंज से आ रही इस गाड़ी को रोका और तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में नकद राशि मिली। गाड़ी में मौजूद व्यक्ति से पैसे के स्रोत के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया और संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद राशि करीब 15 लाख रुपये है। फिलहाल पैसे की गिनती और जांच की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह वाहन रानीगंज से आ रहा था और बताया जा रहा है कि गाड़ी बराकर की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई जा रही थी और इसका उद्देश्य क्या था।












