Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

सनातन संस्कृति का परचम लहराने उषाग्राम से निकली भव्य कलश यात्रा, शिवाभिषेक के बाद हुआ 1008 हनुमान चालीसा का पाठ

आसनसोल, 9 जून 2026। उषाग्राम कल्याण नगर से आज सनातन धर्म की जय-जयकार के साथ एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्री हनुमान शिवभक्त समिति के तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा भगतपाड़ा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर क्रिश्चियनपाड़ा एवं गोवालापाड़ा मार्ग से गुजरते हुए न्यू घुसिक कोलियरी स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां विधिवत समापन हुआ।

जलाभिषेक के बाद गूंजी हनुमान चालीसा
मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके पश्चात 1008 हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर” की चौपाइयों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से उत्साहित दिखे।

शांति-सद्भाव का दिया संदेश
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की जय-जयकार, विश्व में सनातन संस्कृति का परचम लहराना तथा भारत में शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देना था। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं श्री हनुमान जी की आराधना कर समाज में शांति, सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर रक्षित प्रसाद, विवेक कुमार, रंजन ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ तिवारी, शिवम भगत, विक्रम भगत, विनोद यादव तथा ललन तिवारी सहित कल्याण नगर, भगतपाड़ा एवं उषाग्राम के समस्त श्रद्धालु एवं भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *