दुर्गापुर में वर्दी पर दाग: सिविक वॉलंटियर चिरंजीत साहा रेप और वीडियो वायरल की धमकी में गिरफ्तार, पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप’
Oplus_0
दुर्गापुर, 31 मई 2026। पुलिसिया रसूख का गलत फायदा उठाकर महिला से बार-बार दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में दुर्गापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। *कोकओवन थाना में तैनात सिविक वॉलंटियर चिरंजीत साहा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोस्तों से संबंध बनाने का भी बनाता था दबाव
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी चिरंजीत साहा लंबे समय से उसे ब्लैकमेल कर रहा था। वह न सिर्फ खुद जबरन संबंध बनाता था, बल्कि अपने दोस्तों के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। इंकार करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।

2 महीने बाद हुई गिरफ्तारी, 5 दिन की पुलिस रिमांड
पीड़िता के वकील रतन कुमार सिंह ने बताया कि अप्रैल में शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने 2 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार को आरोपी को दुर्गापुर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहां जज ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
‘चोरों की तरह पिछले गेट से ले गई पुलिस’: खाकी पर उठे सवाल
कोर्ट परिसर से आरोपी को ले जाते समय पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को मुख्य मार्ग की बजाय पिछले रास्ते से चोरों की तरह दौड़ाते हुए गाड़ी तक पहुंचाया।
वकील रतन कुमार सिंह ने इसे “पुलिसिया निष्क्रियता और आरोपी को बचाने की कोशिश” बताया। उन्होंने कहा कि “अगर पुलिस पहले ही सख्त होती तो पीड़िता को इतना कुछ नहीं झेलना पड़ता।”
इलाके में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
पुलिस की इस ढीली कार्यशैली और कोर्ट में आरोपी को बचाने जैसी हरकत से दुर्गापुर में भारी आक्रोश है। महिला संगठनों ने कोकओवन थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी को कड़ी सजा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि मामले की जांच DSP स्तर के अधिकारी करेंगे। आरोपी सिविक वॉलंटियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।















