पत्रकारिता दिवस पर उखड़ा आदर्श विद्यालय में संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित
उखड़ा। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उखड़ा आदर्श विद्यालय में दूरदर्शी वार्ता समाचार पत्र की ओर से एक भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा रत्न से सम्मानित प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह ने की, जब कि कार्यक्रम का संचालन उड़ीसा कॉलेज के प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने पत्रकारिता के महत्व उसकी सामाजिक भूमिका तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कोयलांचल एवं शिल्पांचल क्षेत्र के समाजसेवी, व्यसायी, उद्योगपति, राजनीतिक कार्यकर्ता, साहित्यकार तथा पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में पत्रकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने पत्रकारिता के भूत, वर्तमान और भविष्य पर चिंता व्यक्त करते हुए उसकी दशा और दिशा पर गंभीर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है और बदलते समय में भी उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं। सभी ने पत्रकारों से निष्पक्ष, सकारात्मक एवं जनहितकारी पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए दैनिक जागरण के पत्रकार एवं पुस्तक बढ़ते कदम के लेखक विमल देव गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम पत्रकारों को समर्पित था किंतु पत्रकारों की पीड़ा, संघर्ष और विभिन्न राजनीतिक दौर में उनकी भूमिका पर और अधिक चर्चा होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि कोयलांचल और शिल्पांचल क्षेत्र में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने वाले पत्रकारों का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि रचनात्मक और सकारात्मक कार्य करने वालों को समाज हमेशा याद रखता है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित *रामचरितमानस* आज भी सदियों बाद प्रासंगिक है। उन्होंने अपनी उस रिपोर्ट का उल्लेख किया जिसमें लगभग 30 वर्ष पूर्व महावीर कोलियरी खान दुर्घटना में 56 श्रमिकों के जीवित बाहर निकलने की घटना का वर्णन किया गया था। वर्षों बाद उसी घटना पर बनी फिल्म मिशन रनीगंज ने उस लेखन को नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि लेखक, साहित्यकार और पत्रकार कभी नहीं मरते, उनकी रचनाएं उन्हें सदैव जीवित रखती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा रत्न पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह ने भी निरंतर सकारात्मक कार्य करते हुए समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और उन्हें राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्राप्त हुआ।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि उनकी सदैव कोशिश रही है कि क्षेत्र के पत्रकार, साहित्यकार, समाजसेवी और बुद्धिजीवी एक मंच पर आकर समन्वय स्थापित करें। वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सकारात्मक भूमिका निभाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संयोजन पत्रकार राम नारायण शाह एवं शक्ति विश्वकर्मा ने किया। समारोह के दौरान अखबार दूरदर्शी वार्ता के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार वासुकीनाथ शर्मा सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। अंत में उपस्थित अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। इस मौके पर अखिल भारतीय कोयला मजदूर संघ के राष्ट्रीय सदस्य जयनाथ चौबे दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच के संचालक जे पी एन ओझा ,
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा
ए बी आर एस एम के सदस्य चंचल रुईदास
उखड़ा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज सराफ महा सचिव नवीन गुप्ता शिल्पपति एवं समाजसेवी नरेश शर्मा, हेल्थ वर्ल्ड अस्पताल के निर्देश एवं समाज सेवी सुमित बनर्जी के पी बर्मन ज्वेलर्स के निर्देश अमर बर्मन, पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के राज्य सदस्य श्रीदीप चक्रवर्ती उर्फ छोटन चक्रवर्ती, जिला सचिव रामानंद पाठक रानीगंज मंडल एक के अध्यक्ष शमशेर सिंह, बलवंत पासवान, मंडल तीन के अध्यक्ष इंद्रसेन रॉय, भाजपा आसनसोल जिला एस सी मोर्चा के जिला महा सचिव शंभू पासवान, भाजपा नेता राजीव गिरी भोला धीबर राजा शर्मा आदि उपस्थित थे।















