Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का भव्य स्वागत: सैकड़ों सदस्यों ने दी बधाई, विधायक बोले- “व्यापार हित में मिलकर काम करेंगे

आसनसोल, 1 जून 2026। आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के भवन में रविवार को नवनिर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। चैंबर के सैकड़ों सदस्यों और पदाधिकारियों ने उनका अभिवादन किया।

चैंबर के आजीवन सदस्य हैं विधायक
गौरतलब है कि कृष्णेंदु मुखर्जी चैंबर ऑफ कॉमर्स के आजीवन सदस्य हैं। साथ ही वे पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। विधायक बनने के बाद पहली बार चैंबर भवन पहुंचने पर उनका विशेष सम्मान किया गया।

मंच पर मौजूद रहे दिग्गज
कार्यक्रम में मंच पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के साथ चैंबर अध्यक्ष ओम बागड़िया, सचिव शंभू नाथ झा, कोषाध्यक्ष आलोक धर और वरिष्ठ सलाहकार जगदीश केडिया मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने फूल-माला और अंगवस्त्र पहनाकर विधायक का अभिनंदन किया।

व्यापार और विकास साथ चलेंगे
सदस्यों को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि आसनसोल के व्यापारिक हितों के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। चैंबर सचिव शंभूनाथ झा ने कहा, “कृष्णेंदु जी हमारे परिवार के सदस्य हैं। अब विधायक बनने के बाद व्यापार और उद्योग की समस्याओं का समाधान और तेजी से होगा। हम सब मिलकर शहर के विकास के लिए काम करेंगे।”

‘चैंबर में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का अनूठा सम्मान:
स्वागत समारोह में नवनिर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का अभिनंदन बेहद खास अंदाज़ में किया गया। चैंबर के हर सदस्य उनके लिए कोई न कोई उपहार लेकर पहुंचे थे। कार्यक्रम में विधायक को रजनीगंधा की माला, कमल फूल की माला, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

सदस्यों का अनोखा प्रेम: कोई लाया मोती की माला, कोई भगवान की तस्वीर
समारोह की सबसे बड़ी खासियत रही सदस्यों का उत्साह। हर सदस्य अपने विधायक के लिए कुछ न कुछ उपहार लेकर आया था। किसी ने फूलों का गुलदस्ता दिया, किसी ने भगवान की तस्वीर, तो किसी ने मोतियों से गढ़ी हुई माला। तरह-तरह के उपहारों से मंच भर गया।

आपके प्यार से अभिभूत हूं’ – कृष्णेंदु मुखर्जी
सभी उपहारों को एक-एक कर ग्रहण करते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी प्रफुल्लित दिखे। उन्होंने सभी सदस्यों का हाथ जोड़कर धन्यवाद ज्ञापन किया और कहा, “आप सबके इस प्रेम और सम्मान से मैं अभिभूत हूं। आसनसोल के व्यापार और विकास के लिए मैं हमेशा आपके साथ खड़ा रहूंगा।”

चैंबर के वरिष्ठ सलाहकार जगदीश केडिया ने कहा कि यह समारोह बताता है कि कृष्णेंदु जी सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि चैंबर परिवार के अभिन्न सदस्य हैं। कार्यक्रम में भारी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।

आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स शहर की रीढ़:
आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के स्वागत समारोह में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि “आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स आसनसोल की रीढ़ है” और शहर के विकास में चैंबर की सीधी भागीदारी होगी।

सरकारी काम में चैंबर सदस्य देंगे सलाह’
“सरकारी विभाग में जहां भी कोई कार्य होगा, वहां मैं आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के किसी न किसी सदस्य को जरूर भेजूंगा। उनके ही देखरेख में जो भी कार्य होगा, वे अपनी सलाह वहां जरूर प्रकट करेंगे।”

आसनसोल के उत्थान के लिए कई योजनाएं’
कृष्णेंदु मुखर्जी ने आसनसोल के विकास को लेकर कई नई योजनाएं भी साझा की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन योजनाओं से शहर को “और भी ज्यादा लाभ मिलेगा”।

अपने सदस्य को विधायक रूप में देखकर गदगद हुए व्यापारी’
चैंबर के सदस्यों में भारी उत्साह दिखा। “अपने बीच अपने सदस्य को विधायक रूप में देखकर” सभी सदस्य बेहद उत्साहित और आनंदित थे। विधायक ने भी कहा कि चैंबर में अपने सदस्यों के बीच आकर वे “काफी-काफी खुश” हुए।

हर वक्त चैंबर के साथ’
कृष्णेंदु मुखर्जी ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में वे हर वक्त आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ खड़े रहेंगे। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और शहर के विकास के लिए चैंबर के साथ मिलकर काम करेंगे।

कार्यक्रम के बाद सदस्यों ने कहा कि विधायक की इस घोषणा से व्यापार जगत में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

ये गणमान्य रहे मौजूद
समारोह में अरुण शर्मा, पवन गुटगुटिया, निरंजन अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, जगदीश बागरी, मुकेश तोदी, विनय शर्मा, अमर प्रसाद, अशोक अग्रवाल, विजय मकारिया, सोबन नारायण बसु, राजन बग्गा, अविनाश सिंह के अलावा प्रेम गोयल और विनोद केडिया भी शामिल हुए।

इनके साथ सैकड़ों की संख्या में चैंबर सदस्य भी मौजूद थे। सभी ने विधायक को बधाई दी और शहर के विकास में सहयोग का भरोसा जताया।

स्वरुचि भोज के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने स्वरुचि भोज का आनंद लिया। इस दौरान विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने सभी सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

चैंबर अध्यक्ष ओम बागड़िया ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सदस्यों का जुटना बताता है कि पूरा व्यापार जगत एकजुट है और शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *