जामुड़िया में राशन घोटाला: पंचायत समिति कर्माध्यक्ष के कब्जे वाले ECL क्वार्टर से सैकड़ों कंबल, तिरपाल और राशन बरामद’
जामुड़िया, 4 जून 2026। गरीबों और जरूरतमंदों के हक का राशन छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जामुड़िया के परासिया इलाके में ECL के एक बंद क्वार्टर से सैकड़ों कंबल, राहत तिरपाल, चावल और गेहूं बरामद हुए हैं। आरोप है कि यह क्वार्टर जामुड़िया पंचायत समिति के PWD कर्माध्यक्ष उदय सिंह के कब्जे में है।
‘पुलिस और अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में हुई बरामदगी’
यह बरामदगी पुलिस, अर्धसैनिक बल, ECL अधिकारियों, भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में की गई। क्वार्टर का ताला तोड़कर जब सामान बाहर निकाला गया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बताया जा रहा है कि ये सभी राहत सामग्री गरीबों में बांटने के लिए आई थी।
‘इलाके में आक्रोश, जांच और कार्रवाई की मांग’
इस घटना के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश है। स्थानीय लोगों और विपक्षी नेताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि गरीबों का हक मारने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
‘क्या बोले अधिकारी?’
ECL अधिकारियों ने बताया कि क्वार्टर लंबे समय से बंद था और उस पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। फिलहाल बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
PWD कर्माध्यक्ष उदय सिंह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।















