आसनसोल मंडल ने दुर्गापुर स्टील प्लांट एक्सचेंज यार्ड में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली शुरू की
आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली से सुरक्षित, तेज एवं अधिक कुशल रेल संचालन को मिलेगा बढ़ावा
आसनसोल । पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 11 अप्रैल 2026 को दुर्गापुर स्टील प्लांट एक्सचेंज यार्ड में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली चालू कर दी है। यह मंडल में रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नई प्रणाली से सुरक्षा में वृद्धि, समयपालन में सुधार, परिचालन क्षमता में बढ़ोतरी तथा सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित होगा।
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एक आधुनिक संगणक आधारित सिग्नलिंग व्यवस्था है, जो ट्रेनों के लिए सुरक्षित एवं त्वरित मार्ग निर्धारण सुनिश्चित करती है। यह परस्पर विरोधी मार्गों को रोकती है तथा मैनुअल संचालन पर निर्भरता कम करती है, जिससे सुरक्षा और कार्यकुशलता दोनों में वृद्धि होती है। इसके शुरू होने से ट्रेनों की प्राप्ति, प्रेषण तथा शंटिंग प्रक्रिया अधिक तेज और सुचारु होगी, जिससे यार्ड क्षमता का बेहतर उपयोग तथा ट्रेनों की अनावश्यक रोक कम होगी।
उन्नत यार्ड में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, आँकड़ा अभिलेखक, एकीकृत विद्युत आपूर्ति प्रणाली, अग्नि चेतावनी प्रणाली, विद्युत रिसाव पहचान यंत्र तथा अन्य सिग्नलिंग उपकरण लगाए गए हैं। ये सुविधाएँ निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सिग्नलिंग परिसंपत्तियों की सतत निगरानी, त्वरित दोष पहचान तथा भरोसेमंद रेल संचालन सुनिश्चित करेंगी।
इस प्रणाली के तहत दुर्गापुर स्टील प्लांट एक्सचेंज यार्ड में 464 मार्ग, 56 प्वाइंट, 55 मुख्य सिग्नल, 31 कॉलिंग-ऑन सिग्नल, 17 स्वतंत्र शंट सिग्नल, 55 आश्रित शंट सिग्नल तथा 130 पहचान बिंदुओं वाला एमएसडीएसी आधारित ट्रैक पहचान तंत्र स्थापित किया गया है, जो 94 ट्रैक खंडों को कवर करता है। मार्ग क्षमता के आधार पर यह अब आसनसोल मंडल का दूसरा सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रतिष्ठान तथा पूर्व रेलवे का तीसरा सबसे बड़ा प्रतिष्ठान बन गया है।
यह आधुनिकीकृत यार्ड दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में मालगाड़ी संचालन को और सुदृढ़ करेगा। इस्पात, कोयला, कच्चा माल एवं अन्य वस्तुओं से लदी ट्रेनों की तेज आवाजाही, बेहतर वैगन प्रबंधन और शीघ्र रेल संचालन से रेल लॉजिस्टिक्स को मजबूती मिलेगी, परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग होगा तथा रेलवे की आय में वृद्धि होगी।
यात्रियों को भी बेहतर समयपालन, सुचारु रेल संचालन और परिचालन विलंब में कमी का लाभ मिलेगा। बढ़ी हुई लाइन एवं यार्ड क्षमता से मंडल भविष्य में बढ़ते माल यातायात का अधिक कुशलतापूर्वक प्रबंधन कर सकेगा।
आधुनिक अवसंरचना में निरंतर निवेश के माध्यम से आसनसोल मंडल यात्री सुविधा, रेल प्रदर्शन, माल परिवहन क्षमता और क्षेत्रीय विकास को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं कुशल रेल सेवाओं के जरिए निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।












