15 साल से दबा था सफाई कर्मियों का हक’: मंत्री अग्निमित्रा पाल के छापे में आसनसोल नगर निगम की खुली पोल, गोदाम में कैद मिलीं कचरा गाड़ियां
आसनसोल, 5 जून 2026। शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल के औचक निरीक्षण में आसनसोल नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। काली पहाड़ी स्थित निगम के गोदाम में सफाई कर्मचारियों के लिए आई कचरा गाड़ियां, वॉटर स्प्रिंकलर और जरूरी उपकरण पिछले 15 साल से धूल फांक रहे थे। मंत्री ने कहा, “नई सरकार में यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
गोदाम में मिली ‘अनियमितता की गठरी’
मंत्री पाल ने बताया कि टेंडर के बाद खरीदी गई लाखों की सामग्रियां कर्मचारियों तक पहुंचाने के बजाय गोदाम में जमा कर दी गईं। इसके चलते सफाई कर्मी डेढ़ दशक से बिना संसाधन के दयनीय हालात में काम करने को मजबूर हैं।
शाम तक तलब की पूरी लिस्ट
मंत्री ने अधिकारियों को आज शाम तक गोदाम के हर सामान की विस्तृत सूची सौंपने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि वह खुद नगर निगम से जवाब तलब करेंगी कि “टेंडर तो हुए, लेकिन वितरण क्यों नहीं हुआ?”
दोषियों पर गिरेगी गाज
मंत्री पाल ने साफ किया कि इस “सुनियोजित अव्यवस्था” की पूरी जांच होगी। दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई कर सफाई कर्मियों को उनका हक जल्द दिलाया जाएगा।















