शिक्षक या हैवान? अंडाल के CBSE स्कूल में वाइस प्रिंसिपल ने की छठी की छात्रा से छेड़छाड़, गिरफ्तार
अंडाल, 7 जून। उखड़ा इलाके के एक CBSE मान्यता प्राप्त प्राइवेट इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल के वाइस प्रिंसिपल राजा प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
ऑफिस में बुलाकर की अश्लील हरकत: आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उखड़ा गांव के आड़त पाड़ा स्थित स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा को आरोपी वाइस प्रिंसिपल राजा प्रसाद ने ऑफिस में बुलाकर असदाचरण और छेड़छाड़ की। आरोप है कि शिक्षक ने कई बार छात्रा के साथ ऐसी हरकत की।
परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई
परिवार को हाल ही में घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद शनिवार को अंडाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और उसी दिन उखड़ा फांड़ी पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेशी, मेडिकल जांच पूरी
रविवार को आरोपी को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के लिए आरोपी को पुलिस हिरासत में लेने की अर्जी दी जाएगी। पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी करा लिया गया है।
अभिभावकों में उबाल, सख्त सजा की मांग
स्कूल परिसर के अंदर ऐसी घटना सामने आने से अभिभावकों में गहरा आक्रोश और चिंता है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मिसाल बनने वाली सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।















