दुर्गापुर DSP में हड़कंप: INTTUC नेता संदीप घटक उर्फ बोटू की संदिग्ध मौत, गोपालमाठ स्थित आवास में फंदे से लटका मिला शव
Oplus_0
दुर्गापुर, 7 जून। दुर्गापुर स्टील प्लांट से जुड़े तृणमूल कांग्रेस समर्थित श्रमिक संगठन INTTUC के कद्दावर नेता संदीप घटक उर्फ बोटू की संदिग्ध हालात में मौत से पूरे औद्योगिक शहर में सनसनी फैल गई है। रविवार को गोपालमाठ स्थित आवास से उनका शव फंदे से लटका बरामद हुआ।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
घटना का पता चलते ही परिजन और स्थानीय लोग उन्हें फौरन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। INTTUC नेता की मौत की खबर आग की तरह फैली और राजनीतिक व ट्रेड यूनियन गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
सियासत या परिवार: मौत पर रहस्य बरकरार
संदीप घटक की मौत राजनीतिक दबाव का नतीजा है या निजी-पारिवारिक कारण जिम्मेदार हैं, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस ने सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
प्रभात चटर्जी के करीबी, संगठन में थी मजबूत पकड़
संदीप घटक गोपालमाठ के रहने वाले थे और TMC के वरिष्ठ नेता प्रभात चटर्जी के बेहद करीबी माने जाते थे। प्रभात चटर्जी के DSP में INTTUC संभालने के दौरान संदीप हर संगठनात्मक गतिविधि में उनके साथ सक्रिय रहते थे। DSP में श्रमिक राजनीति पर उनकी अच्छी पकड़ थी।
अटकलों का बाजार गर्म, पुलिस बोली- ‘जांच के बाद ही सच’
घटना के बाद तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों- करीबियों से पूछताछ के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस गहन जांच में जुटी है।















