बर्नपुर में धर्मांतरण के आरोप पर हंगामा: स्थानीय लोगों ने कुछ लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, जांच जारी
बर्नपुर, 7 जून। बर्नपुर इलाके में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर तनाव फैल गया। स्थानीय निवासियों के एक वर्ग का आरोप है कि निम्न आय वर्ग और जनजाति समुदाय के कुछ लोगों को सुविधाओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा था। मामला सामने आने पर ग्रामीणों ने संबंधित कुछ लोगों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले गई।

भाजपा नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा राज्य कमेटी सदस्य बाप्पा चटर्जी का दावा है कि बर्नपुर के कई गरीब और जनजाति बहुल इलाकों में लंबे समय से धर्मांतरण की कोशिश चल रही थी। उनका आरोप है कि आर्थिक मदद और अन्य सुविधाओं का आश्वासन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा था।

वहीं भाजपा कोर कमेटी सदस्य पवन सिंह ने आरोप लगाया कि इलाके में खासकर महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए आवेदन करने को उकसाया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए संबंधित व्यक्तियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
दूसरे पक्ष का बयान नहीं मिला
जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया है। ईसाई मिशन या संबंधित संगठन की ओर से भी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
पुलिस: जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।















