सीएमओएआई ईसीएल मुख्यालय शाखा की आम सभा संपन्न: नई कार्यकारिणी गठित, अधिकारी कल्याण पर जोर, जून से कटेगा सदस्यता अंशदान
कुल्टी, 7 जून। कोल माइंस ऑफिसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएमओएआई), ईसीएल मुख्यालय शाखा की सामान्य सभा गुरुवार 5 जून को दिसरगढ़ क्लब, झालबागान, सांकतोरिया में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में नई कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया और अधिकारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
CMD सहित सभी निदेशकों की मौजूदगी
सभा में ईसीएल के सीएमडी सतीश झा, निदेशक (वित्त) मो. अंजार आलम, निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा और निदेशक (तकनीकी) गिरीश गोपीनाथन नायर की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सीएमओएआई ईसीएल के अध्यक्ष जे. पी. सिंह, सचिव प्रसून स्मृति और मुख्यालय शाखा के पूर्व अध्यक्ष सुब्रतो बनर्जी भी शामिल हुए।
सर्वसम्मति से लिया बड़ा फैसला: जून से कटेगा अंशदान
सभा में संगठन को मजबूत बनाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि जून 2026 से ईसीएल मुख्यालय के सभी अधिकारियों का सीएमओएआई सदस्यता अंशदान वेतन से कटना शुरू होगा। यह व्यवस्था ईसीएल के अन्य क्षेत्रों में पहले से लागू है।
CMD सतीश झा बोले- ‘समस्या समाधान के लिए सकारात्मक संवाद जरूरी’
सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी सतीश झा ने कहा कि अधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय होना चाहिए। “समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब उन्हें तथ्यपरक तरीके से रखा जाए और संवाद सकारात्मक हो।” उन्होंने कार्य-जीवन संतुलन और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया।
निदेशकों ने दिया सहयोग का भरोसा
ईसीएल के निदेशकों ने आश्वस्त किया कि सीएमओएआई के जरिए उठाए गए वास्तविक और न्यायोचित मुद्दों पर प्रबंधन पूरा सहयोग करेगा।
अध्यक्ष नज़रुल इस्लाम ने गिनाईं उपलब्धियां
सीएमओएआई मुख्यालय शाखा के अध्यक्ष नज़रुल इस्लाम ने बताया कि संगठन के प्रयासों से अधिकारियों को लैपटॉप सुविधा, मोबाइल सुविधा और हाउस रेंट अलाउंस (HRA) जैसे लाभ मिले हैं।
पौधों से हुआ अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम में सभी विशिष्ट अतिथियों का पौधों के माध्यम से सम्मान किया गया, जो हरित विकास और सतत विकास के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। प्रश्नोत्तर सत्र में अधिकारियों ने स्थानांतरण, पदस्थापन जैसे मुद्दे उठाए।















