स्व. जयप्रकाश शर्मा की पुण्यतिथि पर सेवा कार्य: जरूरतमंदों को बांटी गईं साड़ियां-छाते, राहगीरों को पिलाया शरबत
अंडाल, 7 जून। उखड़ा के प्रख्यात समाजसेवी एवं शिक्षक स्वर्गीय जयप्रकाश शर्मा की पुण्यतिथि पर रविवार को विशेष सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भीषण गर्मी से राहत देने के लिए राहगीरों को शरबत और चना वितरित किया गया। साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच छाते और साड़ी भी बांटी गईं।
‘पिता के आदर्शों को आगे बढ़ा रहे’: पुत्र
कार्यक्रम में स्व. जयप्रकाश शर्मा के पुत्र सूरज शर्मा, रवि शर्मा और राजा शर्मा मौजूद रहे। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पूर्व हृदय गति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था।
उन्होंने कहा, “पिताजी एक समर्पित शिक्षक थे और समाज के हर वर्ग की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। शिक्षा और समाजसेवा में उनका योगदान आज भी प्रेरणा देता है। उनकी स्मृति को जीवित रखने के लिए परिवार हर साल जनकल्याणकारी कार्यक्रम करता है।”
गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार सिंह, उद्योगपति नरेश शर्मा, भाजपा नेता भोला धीबर, काजल बनर्जी, उखड़ा व्यवसाय समिति के महासचिव नवीन गुप्ता और भारतीय मजदूर संघ के नेता तापस घोष समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्व. जयप्रकाश शर्मा के समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।















