पांडवेश्वर में भाजपा का जनसंपर्क अभियान तेज: खुली गाड़ी पर सवार हुए जीतेंद्र तिवारी, महिलाओं ने पहनाई माला; बोले- कोयलांचल में चाहिए बदलाव
पांडवेश्वर । पश्चिम बर्दवान की सबसे हॉट सीट पांडवेश्वर में चुनाव प्रचार अब गांव-गली तक पहुंच गया है। शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी जीतेंद्र तिवारी ने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
खुली गाड़ी पर सवार जीतेंद्र तिवारी का काफिला जैसे ही इलाके में पहुंचा, समर्थकों ने भाजपा के झंडे और गुब्बारों से उनका स्वागत किया। कमल निशान से सजी गाड़ी पर सवार तिवारी ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
महिलाओं ने किया स्वागत, पहनाई माला
प्रचार के दौरान एक भावुक नजारा देखने को मिला जब एक स्थानीय महिला ने आगे बढ़कर जीतेंद्र तिवारी को गेंदे की माला पहनाई। तिवारी ने झुककर माला स्वीकार की और महिला का आभार जताया। आसपास मौजूद भीड़ ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद किया।
कोयलांचल मांगे बदलाव
जनसंपर्क के दौरान जीतेंद्र तिवारी ने कहा, “पांडवेश्वर की जनता 15 साल से एक ही शासन देख रही है। अंडरग्राउंड आग, धंसान, प्रदूषण और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं। कोयलांचल अब बदलाव चाहता है। भाजपा आई तो युवाओं को रोजगार और खदान क्षेत्र को सुरक्षा मिलेगी।
टीएमसी विधायक को सीधी चुनौती
जीतेंद्र तिवारी ने टीएमसी विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को चुनौती दे रहे हैं। 2021 में यहां जीत का अंतर सिर्फ 3,803 वोट का था, इसलिए इस बार हर गली, हर घर तक पहुंचना दोनों खेमों की मजबूरी बन गया है।
पांडवेश्वर की सड़कों पर उतरा यह चुनावी कारवां बता रहा है कि 2026 की लड़ाई बेहद करीबी और दिलचस्प होने वाली है।












