Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पिता की बीमारी बनी वजह, वार्ड 58 के पार्षद संजय नोनिया ने दिया इस्तीफा, विकास कार्यों पर संकट

आसनसोल, 9 जून। आसनसोल नगर निगम के बरो-VIII अंतर्गत वार्ड संख्या 58 के पार्षद संजय नोनिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को संबोधित पत्र में इस्तीफे की वजह पिता की गंभीर बीमारी बताई है।

पुत्र धर्म पहले, इसलिए छोड़ा पद’
इस्तीफा पत्र में संजय नोनिया ने लिखा है कि उनके पिता लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं और लगातार चिकित्सा उपचाराधीन हैं। परिवार को उनकी निरंतर देखभाल और सहयोग की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “एक पुत्र होने के नाते इस कठिन समय में मेरा पहला दायित्व अपने पिता की सेवा और स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करना है। इसी कारण मैंने तत्काल प्रभाव से पार्षद पद छोड़ने का निर्णय लिया है।” उन्होंने आयुक्त से गंभीर पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया और नगर निगम प्रशासन के सहयोग के लिए आभार भी जताया।

विकास कार्यों पर पड़ेगा असर, राजनीतिक हलचल तेज
संजय नोनिया का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब वार्ड 58 में कई विकास कार्य चल रहे हैं। उनके अचानक पद छोड़ने से स्थानीय राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नगर निगम प्रशासन इस्तीफे पर क्या निर्णय लेता है।

इन नेताओं को भेजी गई इस्तीफे की कॉपी
संजय नोनिया ने अपने इस्तीफे की प्रतिलिपि मेयर, एआईटीसी के पश्चिम बर्धमान जिला अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, कुल्टी टाउन-2 ब्लॉक अध्यक्ष कंचन राय तथा बरो चेयरमैन-VIII को भी भेजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *