Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बाराबनी के अमनाला स्कूल में बड़ा हादसा टला: कक्षा में पढ़ाई के दौरान गिरा छत का प्लास्टर, 3 छात्र घायल, एक के सिर में गंभीर चोट

बाराबनी, 10 जून 2026। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के अमनाला अवैतनिक प्राथमिक विद्यालय में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तीसरी कक्षा में पढ़ाई चल रही थी, तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर छात्रों पर गिर पड़ा। इस घटना में तीन छात्र घायल हो गए। इनमें एक छात्र के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि अन्य दो छात्रों के हाथ और पैर में चोट आई।

अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के तुरंत बाद घायल छात्रों को कलेजोड़ा ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

3 महीने पहले हुआ था मरम्मत, अभिभावकों में आक्रोश
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय का मरम्मत कार्य महज मार्च महीने में ही कराया गया था, लेकिन घटिया निर्माण कार्य के कारण यह दुर्घटना हुई।

स्थानीय लोगों ने संबंधित ठेकेदार और इंजीनियरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण छत का प्लास्टर इतनी जल्दी टूटकर गिर गया। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।

विधायक और पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलने पर बाराबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर बाराबनी के विधायक अरिजीत रॉय भी विद्यालय पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया।

‘मार्च में ही हुआ था मरम्मत’: प्रधान शिक्षक
विद्यालय के प्रधान शिक्षक संतु दे ने बताया कि बुधवार सुबह अन्य दिनों की तरह कक्षाएं चल रही थीं। अचानक तीसरी कक्षा में प्लास्टर गिर गया। उन्होंने कहा, “मार्च महीने में ही विद्यालय के मरम्मत कार्य पूरे हुए थे। इतनी जल्दी प्लास्टर गिर जाएगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।”उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ब्लॉक प्रशासन को दे दी गई है और घटना की जांच की मांग की गई है।

गुणवत्ता जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने विद्यालय भवन की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *