15 साल के भ्रष्टाचार से TMC में घुटन थी, अब खुलकर सांस ले रहे हैं’: देवाशीष सरकार के इस्तीफे पर नेता प्रतिपक्ष चैताली तिवारी का हमला
आसनसोल, 10 जून 2026। बोरो चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार के इस्तीफे पर आसनसोल नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चैताली तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है”।
‘TMC में मानवीय लोगों को हो रही थी घुटन’
चैताली तिवारी ने कहा, “पिछले 15 सालों में टीएमसी के शासनकाल में इतना भ्रष्टाचार हुआ है कि टीएमसी पार्टी में भी जो लोग मानवीय रूप से थे, उनको घुटन महसूस हो रही थी।” उन्होंने जोड़ा कि “अब जबकि बंगाल में परिवर्तन हुआ है, टीएमसी के वह लोग भी खुलकर सांस लेना चाहते हैं और यही वजह है कि इस्तीफा दिए जा रहे हैं।”
‘जनता का पैसा नेताओं की जेब में गया’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत तौर पर किसी के भ्रष्टाचार के बारे में तो कुछ पता नहीं है, लेकिन “यह तो सब जानते हैं कि पिछले 15 सालों में टीएमसी के शासनकाल में पूरे बंगाल में किस तरह से भ्रष्टाचार हुआ। जो पैसा लोगों के लिए, आम जनता की भलाई के लिए आता था, वह पैसा टीएमसी के नेताओं और अन्य जनप्रतिनिधियों की जेबों में गया।”
‘TMC सरकार गिरने से सामने आ रहे लोग’
चैताली तिवारी का कहना है कि इसी वजह से “टीएमसी के अंदर ही एक बड़ा वर्ग असहज महसूस कर रहा था और आज जबकि बंगाल में टीएमसी की सरकार गिर चुकी है, वह लोग भी खुलकर सामने आ रहे हैं।”
BJP में शामिल करने पर टिप्पणी से इनकार
जब उनसे पूछा गया कि क्या टीएमसी से दूरी बना रहे लोगों को भाजपा पार्टी में शामिल करेगी, तो चैताली तिवारी ने कहा कि इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। “इसका फैसला पार्टी का प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा”, उन्होंने स्पष्ट किया।















