Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

चुनावी प्रचार के बीच अवैध कोयले का ‘काला खेल’ बेनकाब’: अंडाल के सिद्धली में मिला भारी जखीरा, भाजपा प्रत्याशी पार्थो घोष ने प्रशासन को घेरा

रानीगंज । रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में शनिवार शाम चुनाव प्रचार के दौरान बड़ा खुलासा हुआ। अंडाल के सिद्धली इलाके में अवैध कोयले का भारी जखीरा बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला उस वक्त सामने आया जब भाजपा प्रत्याशी पार्थो घोष के नेतृत्व में चुनावी अभियान चल रहा था।

स्थानीय लोगों की सूचना पर कार्रवाई
भाजपा कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि सिद्धली में बड़ी मात्रा में अवैध कोयला डंप किया गया है। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जखीरा मिलने की पुष्टि की। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई।

पार्थो घोष का प्रशासन पर सीधा वार
मौके पर पहुंचे भाजपा प्रत्याशी पार्थो घोष ने कहा, _”क्षेत्र में अवैध कोयला सिंडिकेट लंबे समय से सक्रिय है। प्रशासन की निष्क्रियता के कारण यह काला कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।”_ उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय ऐसे धंधे और तेज हो जाते हैं।

सरकार बनी तो सिंडिकेट खत्म करेंगे’
पार्थो घोष ने सख्त लहजे में कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनती है तो अवैध कोयला कारोबार पर *कड़ी कार्रवाई* होगी और पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे धंधों को संरक्षण देने वालों को वोट की चोट से जवाब दें।

गरमाया सियासी पारा
घटना के बाद रानीगंज-अंडाल बेल्ट में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। 23 अप्रैल को मतदान से पहले अवैध कोयले का यह जखीरा मिलना चुनावी मुद्दा बन गया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

फिलहाल पुलिस ने कोयला जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में चर्चा है कि चुनावी सरगर्मी के बीच यह ‘काला सोना’ किसका था, इसका खुलासा वोटिंग से पहले होगा या नहीं।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *