‘दुर्गापुर में टीएमसी को बड़ा झटका’: कद्दावर नेता विश्वनाथ पाड़ियाल बीजेपी में शामिल, सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में थामा कमल
दुर्गापुर । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से महज पांच दिन पहले दुर्गापुर की सियासत में बड़ा उलटफेर हुआ है। तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक विश्वनाथ पाड़ियाल ने शनिवार शाम औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।
भाजपा के दिग्गजों की मौजूदगी में जॉइनिंग
दुर्गापुर में आयोजित चुनावी सभा के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, भाजपा उम्मीदवार लखन घोरुई और पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह अहलूवालिया की उपस्थिति में पाड़ियाल ने भाजपा का झंडा थामा।
जमीनी पकड़ वाला नेता, टीएमसी को घातक प्रहार
पांच बार पार्षद और वर्ष 2016 में विधायक रहे विश्वनाथ पाड़ियाल की क्षेत्र में गहरी पैठ मानी जाती है। टिकट कटने और पार्टी के भीतर कथित उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में यह दलबदल टीएमसी के लिए घातक प्रहार साबित हो सकता है।
बीजेपी की मनोवैज्ञानिक जीत’
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को भाजपा के लिए बड़ी मनोवैज्ञानिक जीत के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव के अंतिम क्षणों में हुए इस सियासी बदलाव से दुर्गापुर और आसपास की सीटों का समीकरण बदल सकता है।
23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से ठीक पहले TMC के इस मजबूत स्तंभ का टूटना शिल्पांचल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर गया है।












