Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कुल्टी में मोदी सरकार के 12 साल के जश्न के बाद बीजेपी कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला: घर में घुसकर परिवार को पीटा, गर्भवती महिला के पेट पर लात मारने का आरोप

कुल्टी, 11 जून 2026। कुल्टी विधानसभा के वार्ड संख्या 58, धेमोमैन कोलियरी क्षेत्र से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता बी.के. यादव और उनके परिवार पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया। घर की महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार और पूरे परिवार को बंधक बनाकर आतंकित करने का गंभीर आरोप है।

जश्न के कुछ घंटे बाद हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम धेमोमैन कोलियरी के 6 नंबर शिव मंदिर प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। भव्य आरती और पूजा-अर्चना के जरिए पीएम की दीर्घायु और देश की प्रगति की कामना की गई, जिसमें भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा का आरोप है कि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न होने के कुछ घंटे बाद, देर रात असामाजिक तत्वों ने बी.के. यादव के घर पर सुनियोजित हमला बोल दिया।

धारदार हथियारों से हमला, महिलाओं पर अमानवीयता
पीड़ित परिवार के मुताबिक, दर्जनों की संख्या में आए हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ घर में जबरन प्रवेश किया। बी.के. यादव, उनके भाई और अन्य परिजनों पर बेरहमी से हमला किया गया, जिससे गहरे घाव आए हैं और कई टांके लगे हैं।

सबसे गंभीर आरोप है कि हमलावरों ने एक गर्भवती महिला के पेट पर लात मारी, बुजुर्ग महिला को पीटते हुए सड़क पर घसीटा और अन्य महिलाओं को जान से मारने की धमकियां दीं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है।

अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता, दी संघर्ष की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिला सचिव सत्यजीत दास, जिला मीडिया प्रभारी संतोष कुमार “टिंकू” वर्मा, मंडल अध्यक्ष अमर प्रसाद और सुनील भर सहित कई वरिष्ठ नेता देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

भाजपा नेताओं ने इसे क्षेत्र में बढ़ते ‘गुंडाराज’ और राजनीतिक हिंसा का नतीजा बताया। कहा कि यह कार्यकर्ताओं को डराने और आवाज दबाने की सोची-समझी साजिश है, लेकिन “पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेगी और दोषियों की गिरफ्तारी तक शांत नहीं बैठेगी।”

पुलिसिया कार्रवाई शुरू, छापेमारी जारी
लिखित शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस की मदद से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया*। प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने जल्द सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *