PWD मंत्री अजय पोद्दार का एक्शन मोड: ‘सोनार बांग्ला’ के लिए अफसरों को दिए सख्त निर्देश, कुल्टी-बराकर की जर्जर सड़कों पर जताई नाराजगी
कोलकाता, 11 जून 2026। पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) के नव नियुक्त मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार और राज्य मंत्री नादिया चांद बाउरी ने गुरुवार को नवान्न में विभाग की सचिव अंतरा आचार्य एवं वरिष्ठ अभियंताओं के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
‘सोनार बांग्ला’ के लिए जिम्मेदारी से काम करें: मंत्री
बैठक में विभाग की चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्रियों ने अधिकारियों से ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अधिक सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
चुनावी वादे और खाली पदों पर फोकस
बैठक में चुनावी संकल्प पत्र में घोषित विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। डॉ. पोद्दार ने विभाग में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत के आदेश
आगामी मानसून को देखते हुए राज्य की सड़कों की स्थिति, मरम्मत कार्य और जनसुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों के कारण आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
कुल्टी-बराकर की सड़कों पर जताई नाराजगी
डॉ. पोद्दार ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुल्टी और आसपास के इलाकों की जर्जर सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर निम्न सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के निर्देश दिए:
1. नियामतपुर से डिसेरगढ़ स्थित छिन्नमस्ता मंदिर जाने वाली सड़क
2. बराकर रेलवे स्टेशन से बराकर-बेगुनिया-पुरुलिया संपर्क मार्ग
3. आसनसोल की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कें
4. रानीगंज क्षेत्र की खराब सड़कें















