आसनसोल में देर रात बेकाबू हुआ ‘पुलिस’ लिखा वाहन’: रेलपार रोड पर दुकानों को रौंदा, कब्रिस्तान की दीवार तोड़ी, बच्ची समेत कई घायल, भीड़ ने चालक को पीटा
आसनसोल । रविवार देर रात आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के रेलपार रोड पर एक ‘पुलिस’ लिखे वाहन ने जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे की कई दुकानों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और अंत में कब्रिस्तान की दीवार से जा टकराया।
बच्ची की हालत गंभीर, भीड़ ने चालक को पीटा
इस सनसनीखेज हादसे में कई लोग घायल हो गए। एक *बच्ची की हालत गंभीर* बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने वाहन में *तोड़फोड़ कर दी और चालक की जमकर पिटाई* की, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बच्ची और चालक दोनों को तुरंत दुर्गापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है।
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज, टीएमसी उम्मीदवार पहुंचे
हालात बिगड़ते देख बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
सूचना मिलते ही तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मलय घटक भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
‘अफवाहों पर ध्यान न दें’: प्रशासन की अपील
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
लापरवाही या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज लापरवाही का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ‘पुलिस’ लिखा वाहन किन परिस्थितियों में बेकाबू हुआ।
23 अप्रैल को मतदान से पहले हुई इस घटना ने आसनसोल में सनसनी फैला दी है।












