चुनाव से पहले पश्चिम बर्दवान में ड्राई-डे’: 23 अप्रैल को वोटिंग तक 96 घंटे बंद रहेंगी शराब की सभी दुकानें, डीएम ने जारी किया आदेश
आसनसोल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले पश्चिम बर्दवान जिले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी लाइसेंसी ‘ऑफ’ और ‘ऑन’ शराब दुकानों को 96 घंटे तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
‘शांति बनाए रखने के लिए फैसला’
पश्चिम बंगाल के आबकारी आयुक्त के निर्देश संख्या C-38 E दिनांक 19.04.2026 और बंगाल आबकारी अधिनियम की धारा 26(1) के तहत यह आदेश दिया गया है।
आदेश के मुताबिक, 23 अप्रैल 2026 को होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान समाप्त होने तक जिले में शराब की सभी रिटेल दुकानें, बार और होटल-रेस्टोरेंट में शराब परोसना पूरी तरह बंद रहेगा।
पिछले आदेश में संशोधन कर बढ़ाई गई अवधि
यह आदेश 16.04.2026 को जारी पिछले आदेश संख्या 29/E(B) का आंशिक संशोधन है। अब *’ड्राई-डे’ की अवधि बढ़ाकर 96 घंटे* कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यह कदम ‘सार्वजनिक शांति बनाए रखने के हित में’ उठाया गया है। आदेश की कॉपी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पश्चिम बंगाल को भी भेजी गई है।
23 अप्रैल को आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, रानीगंज, जामुड़िया, पांडवेश्वर समेत पश्चिम बर्दवान की कई सीटों पर वोट डाले जाएंगे।












