Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

ED के सामने झुके चर्चित पुलिस अधिकारी: कोयला तस्करी केस में मनोरंजन मंडल से घंटों पूछताछ

कोलकाता, 18 जून 2026। कोयला और बालू तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लगातार समन के बाद फरार चल रहे चर्चित पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल आखिरकार गुरुवार को जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए। कई नोटिस के बाद साल्टलेक स्थित CGO कॉम्प्लेक्स में ED दफ्तर पहुंचे मंडल से अधिकारियों ने मामले से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर लंबी पूछताछ की।

अस्वस्थता’ का बहाना बना रहे थे मंडल
सूत्रों के मुताबिक, मनोरंजन मंडल इससे पहले शारीरिक अस्वस्थता का हवाला देकर लगातार ED की हाजिरी से बच रहे थे। ED ने उन्हें कई बार तलब किया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए थे।

3 फरवरी को हुई थी बड़ी छापेमारी
दरअसल, कोयला तस्करी मामले की जांच के दौरान ED की टीम ने गत 3 फरवरी को आसनसोल के रानीगंज, जामुड़िया और बुदबुद समेत राज्य के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में जामुड़िया के एक व्यवसायी के गोदाम से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई थी।

बुदबुद थाने के OC थे मनोरंजन मंडल
उसी दिन केंद्रीय एजेंसी ने बुदबुद थाने के तत्कालीन OC मनोरंजन मंडल के आवास पर भी तलाशी ली थी। इसके बाद गत 11 मार्च को दोबारा उनके घर पर छापा मारा गया था। विवाद बढ़ने के बाद मनोरंजन मंडल को बुदबुद थाने से हटाकर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के स्पेशल ब्रांच (SB) में स्थानांतरित कर दिया गया था।

ED अब मनोरंजन मंडल के बयान और बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। कोयला तस्करी के नेटवर्क में और बड़े नामों के सामने आने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *