अंडा हमले’ के डर से हेलमेट में कोर्ट पहुंचे TMC नेता: अवैध पत्थर खनन केस में भोला सिंह गिरफ्तार
आसनसोल, 19 जून 2026। अवैध पत्थर खनन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सलानपुर ब्लॉक TMC के उपाध्यक्ष भोला सिंह उर्फ विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार देर रात बाराबनी के पांचगाछिया से हिरासत में लेने के बाद शुक्रवार को आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट में दिखा हाई-वोल्टेज ड्रामा
पेशी के दौरान पुलिस का अनोखा इंतजाम सबका ध्यान खींच गया। जन आक्रोश और अंडे फेंके जाने की आशंका के चलते भोला सिंह को हेलमेट पहनाकर कोर्ट लाया गया। सलानपुर थाना पुलिस पहले उन्हें कुल्टी थाना लेकर गई, फिर कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया।
सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचेगी जांच
पुलिस के मुताबिक भोला सिंह पर सलानपुर में अवैध पत्थर खदान चलाने और खनन सिंडिकेट से साठगांठ का आरोप है। जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही हैं। सूत्रों का कहना है कि सिंडिकेट में कई रसूखदारों के नाम सामने आ सकते हैं। इसी केस में पिछले हफ्ते भी 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सत्ता बदलते ही एक्शन मोड में पुलिस
पश्चिम बर्दवान में TMC शासनकाल के दौरान अवैध खनन और पत्थर सिंडिकेट के आरोप आम थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस ने अवैध खदानों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर और गिरफ्तारियां भी होंगी।
TMC की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।
