बर्नपुर में बुलडोजर एक्शन: TMC पार्षद राकेश शर्मा के कार्यालय पर चला हथौड़ा, सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप
आसनसोल, 20 जून 2026। बर्नपुर में शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुरनिया तालाब इलाके में वार्ड संख्या 80 के TMC पार्षद राकेश शर्मा के कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। आरोप है कि कार्यालय सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था।
लंबे समय से थी शिकायत
सूत्रों के मुताबिक इस निर्माण को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन ने जांच के बाद इसे पूरी तरह अवैध पाया, जिसके बाद हटाने का फैसला लिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए।
TMC की चुप्पी, प्रशासन सख्त
अपने कार्यालय पर हुई इस बुलडोजर कार्रवाई को लेकर पार्षद राकेश शर्मा या TMC की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और सरकारी जमीन पर हर अवैध निर्माण को ढहाया जाएगा।














