पोलो मैदान बना योगमय: आसनसोल में ऐतिहासिक योग संगम, मंत्री-विधायक से DM-CP तक ने किए आसन
आसनसोल, 21 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह आसनसोल के ऐतिहासिक पोलो मैदान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ भारत” के संकल्प के साथ सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
मंत्री से कमिश्नर तक, दिग्गजों ने लगाई योग क्लास
कार्यक्रम में राज्य के मंत्री अजय पोद्दार, भाजपा विधायक कृष्नेन्दु मुखर्जी और जितेंद्र तिवारी, पश्चिम बर्धमान के जिलाशासक एस. पन्नाबलम तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त प्रणव कुमार सहित विशिष्ट समाजसेवी सह उद्योगपति पवन गुटगुटिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आम लोगों के साथ योग कर फिट इंडिया का संदेश दिया।
रेड रोड से लाइव जुड़ा आसनसोल
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से आयोजित राज्य स्तरीय योग समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित योग कार्यक्रम तथा राज्य के वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता का प्रसारण पोलो मैदान में उपस्थित लोगों ने देखा और उससे प्रेरणा प्राप्त की।
योग: तन-मन-आत्मा का संतुलन
वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और व्यक्ति स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जी सकता है। योग दिवस पर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया।
स्वस्थ भारत का संकल्प
विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत किया।














