Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

डबल इंजन सरकार का मेगा बजट: वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने पेश किया 2026-27 का पूर्णांग बजट, नौकरी से लेकर एयरपोर्ट तक बड़े ऐलान

कोलकाता, 22 जून 2026। वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने सोमवार को विधानसभा में पश्चिम बंगाल की डबल इंजन सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का पूर्णांग बजट पेश किया। बजट में 1 लाख सरकारी नौकरियों का प्रावधान किया गया है। इनमें 50 हजार पद शिक्षा क्षेत्र में और 20 हजार पुलिस में होंगे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उम्र सीमा 2 वर्ष बढ़ाई गई है। सरकारी कर्मचारियों को 1 अक्टूबर से 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर फोकस 
बजट में चिंगड़ीघाटा-न्यूटाउन में 900 करोड़ की लागत से 7.41 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का ऐलान हुआ। कल्याणी में नया एयरपोर्ट बनाने के लिए 1500 एकड़ भूमि की तलाश हो रही है। पुरुलिया, बालूरघाट और मालदह में नए एयरपोर्ट बनेंगे, जबकि कूचबिहार एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। शालीमार-गार्डेनरीच में नया टर्मिनल बनेगा। जेट्टी विकास के लिए 100 करोड़ आवंटित किए गए हैं। दुर्गापुर में सेमी कंडक्टर यूनिट का प्रस्ताव रखा गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा 
उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT और IIM की स्थापना की जाएगी। झाड़ग्राम में आदिवासी विश्वविद्यालय बनेगा, जिसके लिए इस वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ आवंटित हुए हैं। अलीपुरदुआर सहित कई जिलों में नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनेंगे। आयुष्मान भारत योजना के लिए 3100 करोड़ का प्रावधान किया गया। राज्य सरकार में नया आयुष विभाग गठित होगा। सभी प्राथमिक स्कूलों में पंखे और वाटर प्यूरीफायर संयंत्र लगेंगे। मुंबई-वेलोर में इलाज के लिए जाने वालों के ठहरने की कम शुल्क पर व्यवस्था होगी।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा 
सरकारी नौकरी के शून्य पदों में 33 प्रतिशत नौकरी महिलाओं को मिलेगी। गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये दिए जाएंगे। सभी कॉलेज में सैनिटरी मशीन लगेंगी। राज्य रिजर्व फोर्स में 2 महिला बटालियन बनेंगी। शहरों में महिला सुरक्षा हेतु दुर्गा सुरक्षा दल का गठन होगा। महिलाओं के लिए निःशुल्क बस सेवा के लिए 550 करोड़ आवंटित किए गए। आंगनवाड़ी व आशाकर्मियों का मासिक पारिश्रमिक बढ़कर 5000 रुपये हुआ।

कर्मचारियों और विधायकों के लिए घोषणाएं
विधायकों को अब 70 लाख से बढ़ाकर सालाना एक करोड़ फंड मिलेगा। सिविक वोलेंटियर, ग्रीन पुलिस, होमगार्ड कर्मियों की सैलरी 2000 रुपये बढ़ी। स्कूलों में मिडडे मील बनाने वाली रसोइयों के वेतन में 1000 और पैरा टीचरों के वेतन में 5000 रुपये की बढ़ोतरी हुई। अवकाशप्राप्त पत्रकारों को मासिक 5000 पेंशन मिलेगी। आपातकाल में जेल सजा भुगतने वालों को मासिक 10 हजार पेंशन दी जाएगी।

अन्य प्रमुख घोषणाएं
अन्नपूर्णा योजना के लिए 36 हजार करोड़ आवंटित किए गए। चायबागान कर्मियों के लिए विकास बोर्ड का गठन होगा। चायबागानों में अब 30 की जगह मात्र 15 प्रतिशत भूमि का कॉमर्शियल उपयोग हो सकेगा। सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण अग्निवीरों को मिलेगा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *