हीरापुर पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी सैयद इकबाल को कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया, लोगों में चर्चा
आसनसोल। आसनसोल के हीरापुर थाने की पुलिस द्वारा धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने के आरोपी सैयद इकबाल को कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाए जाने को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी सैयद इकबाल को मंगलवार को कमर में रस्सी बांधकर सुभाष पल्ली से लेकर रहमत नगर मोड़ तक पैदल सरेआम घुमाया। इस तरह एक आरोपी को बीच सड़क पर रस्सी से बांधकर ले जाए जाने का दृश्य स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया और इसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
20 जून को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मिली जानकारी के अनुसार, सैयद इकबाल के खिलाफ बीते 20 जून को हीरापुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए हीरापुर पुलिस ने रविवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
कोर्ट ने 7 दिन की रिमांड दी
इसके बाद सोमवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने सैयद इकबाल की जमानत याचिका को खारिज करते हुए उसे 7 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दे दिया।
फिलहाल पुलिस रिमांड में लेकर इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। इसी जांच और कार्रवाई के बीच मंगलवार को पुलिस सैयद इकबाल को कमर में रस्सी बांधकर पैदल घुमाती हुई नजर आई।














