बंगाल बजट में आसनसोल-दुर्गापुर को बड़ी सौगात, मेट्रो-मेडिकल कॉलेज से बढ़ी उम्मीदें, दामोदर ब्रिज न होने से फॉस्बेकी ने जताई निराशा
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा में वित्त मंत्री स्वपन दास गुप्ता ने शुक्रवार को भाजपा सरकार का पहला बजट पेश किया। बजट में पश्चिम बर्दवान जिले और आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं।
फॉस्सबेकी के अध्यक्ष सचिन राय ने बजट को जनता के हितों की रक्षा करने वाला बताया। उन्होंने कहा, “आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में मेट्रो का प्रस्ताव इस बजट का सबसे उल्लेखनीय बिंदु है। साथ ही जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा स्वागत योग्य है।” इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वित्त मंत्री स्वपन दास गुप्ता का आभार जताया।
निवेश और रोजगार पर फोकस
राय ने कहा कि 100 करोड़ से ज्यादा के निवेश पर प्रक्रिया को सिंगल विंडो सिस्टम से सरल बनाया गया है, जिससे औद्योगीकरण को रफ्तार मिलेगी। राज्य कर्मचारियों का डीए 20 प्रतिशत बढ़ाने से बाजार में पैसे का फ्लो बढ़ेगा। एक साल में अधिकतम रोजगार पैदा करने के लक्ष्य की भी उन्होंने सराहना की।
इन प्रस्तावों का भी स्वागत:
सचिन राय ने कल्याणी में हवाई अड्डा, उत्तर बंगाल में आईआईटी-आईआईएम और अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को राज्य की अर्थव्यवस्था और शिक्षा के लिए गेम-चेंजर बताया।
दामोदर ब्रिज और स्टेडियम पर निराशा:
हालांकि सचिन राय ने कुछ बिंदुओं पर निराशा भी जताई। उन्होंने कहा, “दामोदर नदी पर ब्रिज बनाने की जो बात कही गई थी, उसका प्रस्ताव बजट में नहीं है। आसनसोल स्टेडियम के नवीनीकरण का प्रस्ताव था, उसका भी प्रावधान नहीं दिखा। इससे थोड़ी निराशा है।”
इसके बावजूद उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर पूरा भरोसा जताया। “हमें उम्मीद है कि आने वाले सालों में इन मांगों को जरूर पूरा किया जाएगा। कुल मिलाकर आज का बजट जनता के लिए हितकारी है,”














