20 मिनट की बारिश में डूबा राम मंदिर मार्ग, मुंशी बाजार में जलजमाव से व्यापारी परेशान, नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग
आसनसोल। मानसून की पहली बारिश ने ही आसनसोल नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। मंगलवार को महज 20 मिनट की बारिश में राम मंदिर मार्ग, बाकर अली लेन, मुंशी बाजार पूरी तरह जलमग्न हो गया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तो मानसून की शुरुआत ही हुई है। यदि इतनी सी बारिश में यह हाल है तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। हर साल इसी तरह जलजमाव की समस्या से बाजार क्षेत्र को जूझना पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकला।
प्रशासन से अपील:
व्यापारियों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री, विधायक, मेयर, चेयरमैन और वार्ड पार्षद से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है।
लोगों ने कहा, “आसनसोल बाजार शहर का हृदय है। हर साल जलजमाव के कारण व्यापार ठप हो जाता है। दुकानों में पानी घुसने से लाखों का नुकसान होता है। अब समय आ गया है कि इस स्थायी समस्या का समाधान निकाला जाए।”
स्थानीय निवासियों ने आसनसोल नगर निगम से मांग की है कि नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम सुधार और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था कर इस समस्या को जड़ से खत्म किया जाए।














