2021 चुनाव हिंसा मामले में TMC के दो नेता गिरफ्तार, अशोक हेला-विवेक मंडल पर दबंगई और जमीन कब्जाने के आरोप
आसनसोल। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले और अन्य मामलों में आरोपी दो तृणमूल नेताओं को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में एगरा ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान अशोक हेला और तृणमूल श्रमिक संगठन के नेता विवेक मंडल शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार दोपहर दोनों को हिरासत में लेने के बाद बुधवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रानीगंज थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों के संभावित आक्रोश को देखते हुए बुधवार सुबह ही दोनों नेताओं को दूसरे थाने में शिफ्ट कर दिया गया था। बाद में आसनसोल उत्तर थाना से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें अदालत लाया गया। कोर्ट परिसर में दोनों नेता मास्क लगाए नजर आए।
ये हैं गंभीर आरोप
अशोक हेला और विवेक मंडल पर इलाके में दबंगई, आतंक फैलाने, चुनाव के दौरान विपक्षी नेताओं को धमकाने, महिलाओं से दुर्व्यवहार, मारपीट कर जमीन कब्जाने और क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने जैसे गंभीर आरोप हैं।
पुलिस ने बिना किसी शोर-शराबे के दोनों को चुपचाप अदालत में पेश किया। गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।














