Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“दुर्गापुर: बीजेपी महिला नेत्री से बदसलूकी का आरोप, शक्ति प्रमुख के खिलाफ को-ओवन थाने में प्रदर्शन”

दुर्गापुर, 26 जून 2026।  बीजेपी की एक महिला नेत्री से बदसलूकी के आरोप को लेकर गुरुवार रात दुर्गापुर के को-ओवन थाने अंतर्गत वीरभानपुर इलाके में तनाव फैल गया। आरोप बीजेपी के ही शक्ति प्रमुख निमाई तंतुवाय के खिलाफ लगा है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुई बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया है, हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला:
वीरभानपुर इलाके की बीजेपी नेत्री मालती बाउरी का आरोप है कि राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक योजनाओं के फॉर्म भरवाने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ। उनका दावा है कि निमाई तंतुवाय सरकारी योजनाओं के फॉर्म को लेकर आम लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इससे पार्टी की छवि खराब हो रही है। इसी का विरोध करने पर उनके साथ बदसलूकी की गई।

मालती बाउरी ने आगे आरोप लगाया कि दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा के 3 नंबर मंडल अध्यक्ष तेजनारायण मंडल के करीबी होने का फायदा उठाकर निमाई तंतुवाय इलाके में लंबे समय से काम कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं को किनारे लगा रहे हैं।

थाने में हुआ प्रदर्शन:
इस घटना के विरोध में को-ओवन थाने पर कई बीजेपी कार्यकर्ता जमा हो गए। उन्होंने आरोपी निमाई तंतुवाय के खिलाफ नारेबाजी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मंडल अध्यक्ष का बयान:
हालांकि सभी आरोपों को बीजेपी दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा के 3 नंबर मंडल अध्यक्ष तेजनारायण मंडल ने खारिज कर दिया। उनका कहना है कि यह बीजेपी का अंदरूनी झगड़ा नहीं है। बल्कि सत्ता से बाहर तृणमूल कांग्रेस सोची-समझी साजिश के तहत यह माहौल बना रही है। लेकिन उनकी इस चाल में लोगों का समर्थन नहीं मिलेगा।

पुलिस जांच कर रही है:
पुलिस ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है और मामले की तफ्तीश जारी है।

घटना के बाद वीरभानपुर इलाके में राजनीतिक तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *