“आसनसोल: नर्समुदा कोलियरी से इस्को रोड तक पेवर्ड ब्लॉक रोड का उद्घाटन, मंत्री अग्निमित्रा पाल बोलीं – फुटपाथ अतिक्रमण पर होगी कड़ी कार्रवाई”
कुल्टी, 26 जून 2026। आसनसोल के कुलटी विधानसभा क्षेत्र में नर्समुदा कोलियरी से इस्को रोड तक कोयला परिवहन के लिए बने पेवर्ड ब्लॉक रोड का उद्घाटन शुक्रवार शाम राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया। इस दौरान ECL के अधिकारी भी मौजूद रहे। यह सड़क ECL के CSR प्रोजेक्ट के तहत बनाई गई है।
“पहले की सरकार ने ध्यान नहीं दिया”: मंत्री
उद्घाटन के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इस इलाके में इस सड़क की मांग लंबे समय से थी, लेकिन पिछली सरकार ने इसे बनाने की कोई पहल नहीं की। ECL के CSR फंड से अब यह सड़क बनकर तैयार हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बीजेपी सरकार जनता को हर तरह की सुविधा देने की कोशिश कर रही है।
फुटपाथ अतिक्रमण पर सख्ती:
मंत्री ने फुटपाथ पर कब्जा करके दुकान लगाने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें दुकानें हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। अगर 15 दिन में नहीं हटाते तो उन्हें 15 दिन का और समय दिया जाएगा। इसके बाद भी अगर दुकान नहीं हटाई गई तो राज्य सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि फुटपाथ पर चलना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है और वर्तमान सरकार इस अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
विधानसभा में पेश होगा अहम बिल:
मंत्री ने बताया कि सोमवार को विधानसभा में एक महत्वपूर्ण बिल पेश किया जाएगा। इसके तहत सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और निजी संपत्ति से सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी कराई जाएगी।
“जन शिकायत” कार्यक्रम शुरू:
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि शनिवार से कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत लोग सीधे संबंधित विभाग को अपनी समस्या बता सकेंगे। बाद में मोबाइल मैसेज के जरिए उन्हें बताया जाएगा कि उस पर क्या कार्रवाई हुई। इसी मॉडल को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
दामोदर नदी पर ब्रिज और नगर निगम पर बयान:
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जो बोलती है, वही करती है। जो नहीं कर पाएंगे वो कभी नहीं कहेंगे। बर्नपुर में डैमोदर नदी पर ब्रिज बनाने की बात पहले बजट में नहीं थी, इसका मतलब ये नहीं कि ब्रिज नहीं बनेगा। मैंने खुद मुख्यमंत्री से बात की है। आसनसोल नगर निगम से रानीगंज, कुल्टी और जामुड़िया को अलग कर अलग नगर पालिका बनाने की बात वहां के विधायकों ने रखी है। राज्य सरकार उनके प्रस्ताव को गंभीरता से देख रही है।
इस उद्घाटन से नर्समुदा कोलियरी क्षेत्र में कोयला परिवहन सुगम होने के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।














