“आपातकाल को याद कर भाजपा ने गिरजा मोड़ में मनाया काला दिवस, कृष्णेंदु मुखर्जी बोले – लोकतंत्र की रक्षा हमारा संकल्प”
आसनसोल, 27 जून 2026। 25 जून 1975 को कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल की याद में आज भारतीय जनता पार्टी ने आसनसोल के गिरजा मोड़ में ‘काला दिवस’ मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर लोकतंत्र पर हुए हमले को याद किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
नेताओं की मौजूदगी:
कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सुभाष सरकार, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अभय बरनवाल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
कृष्णेंदु मुखर्जी: “आपातकाल लोकतंत्र पर कलंक”
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारत के इतिहास में काले अक्षरों में दर्ज है। _”कांग्रेस ने उस दिन संविधान को ताक पर रखकर आपातकाल थोप दिया था। यह घटना साबित करती है कि कांग्रेस की लोकतंत्र में कोई आस्था नहीं है। अभिव्यक्ति की आजादी छीन ली गई, विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया।”
उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 सालों में बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर जो अत्याचार हुए हैं, उसे कार्यकर्ता भूल नहीं सकते। लेकिन साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन की सीख देते हुए कहा, _”कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं लेगा। अगर कोई गलत करता है तो सजा प्रशासन और कानून देगा। हमें पुलिस-प्रशासन पर भरोसा रखना होगा। अपनी शिकायत लेकर कानून के दरवाजे पर जाएं, न्याय जरूर मिलेगा।”
“सबका साथ, सबका विकास, सबका हिसाब”:
कृष्णेंदु मुखर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार यही है। लोकतंत्र को मजबूत करने और हर नागरिक को न्याय दिलाने के लिए पार्टी कटिबद्ध है।
काला दिवस कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर आपातकाल में शहीद हुए लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।














